Monday, June 21, 2010

लोकसभा चुनाव में प्रत्याशी लड़ायेगी बुंदेलखंड एकीकृत पार्टी

महोबा। लोकसभा चुनाव में पार्टी अपने बलबूते यहां के साथ दिल्ली में भी अपने उम्मीदवार लड़ायेगी। इससे जहां पृथक बुंदेलखंड राज्य का निर्माण का नारा बुलंद होगा वहीं विभिन्न राजनीतिक दलों के क्षद्म बुंदेलखंडवाद का भंडाफोड़ होगा। यह बात बुंदेलखंड एकीकृत पार्टी के संयोजक संजय पाण्डेय ने यहां मीडिया से रूबरू हो कही। उन्होंने कहा कि सभी राजनैतिक दल चुनाव के दौरान बुंदेलखंड राज्य के हिमायती बन भोली भाली जनता का भावनात्मक शोषण करते है। चुने जाने के बाद यह लोग सब कुछ भूल जाते है। उन्होंने बताया कि राज्य निर्माण के उद्देश्य को लेकर बुंदेलखंड एकीकृत पार्टी का गठन किया गया है। वह कहते है बुंदेलखंड के सर्वागीण विकास के लिये पृथक राज्य निर्माण के अतिरिक्त अन्य कोई विकल्प नहीं है। बताया कि पार्टी मप्र के विधानसभा चुनाव में बुंदेलखंड क्षेत्र की ज्यादातर सीटों में प्रत्याशी लड़ाये थे। उनके समर्थन से भंवर राजा विधायक बने। अब इस मुद्दे की गूंज पूरे देश में पैदा करने के लिये बुंदेलखंड की सभी लोकसभा सीटों के साथ ही दिल्ली की सभी सीटों में पार्टी प्रत्याशी उतारे जायेंगे। उन्होंने बताया कि प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। मजबूत प्रत्याशी तय किये जा रहे है। जिससे राज्य निर्माण के मुद्दे को पूरी मजबूती मिले। बताया कि बांदा लोकसभा सीट से आनंद यादव का प्रत्याशी बनना तय हो चुका है। पार्टी अगले माह बांदा में एक रैली का आयोजन कर रही है। इसमें उप्र व मप्र के बुंदेलखंड क्षेत्र के हजारों लोग हुंकार भरेगे।

No comments:

Post a Comment